यूरोपीय पेटेंट कार्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने ओमान के पटेंट सिस्टम के बारे में जाना
29-जुलाई-2018
मस्कट– ओमान न्यूज एजेंसी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यूरोपीय पेटेंट कार्यालय (ईपीओ) के एक प्रतिनिधिमंडल ने ओमान के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के बौद्धिक संपदा विभाग का दौरा किया और वहां के अधिकारियों को यूरोपीय पेटेंट मान्यता प्रणाली के बारे में जानकारी प्रदान की। प्रतिनिधिमंडल ने देश की पेटेंट प्रणाली के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
यह दौरा बौद्धिक संपदा में काम कर रहे अंतरराष्ट्रीय कार्यालयों के साथ देश के बौद्धिक संपदा विभाग के समन्वय एवं सहयोग का हिस्सा था। यात्रा के दौरान, प्रतिनिधिमंडल को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में बौद्धिक संपदा के कार्यों, देश की पेटेंट प्रणाली, वर्तमान स्थिति, प्रदर्शन एवं देश में दर्ज पेटेंट के आंकड़ों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल को यूरोपीय कार्यालय भी ले जाया गया और उन्हें नवाचार, सहयोग के क्षेत्रों एवं यूरोपीय पेटेंट कार्यालय द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के बारे में बताया गया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के बौद्धिक संपदा विभाग के निदेशक, अहमद बिन मोहम्मद अल सईदी ने कहा कि, "यह दौरा देश में बौद्धिक संपदा सेवाओं में सुधार करने एवं पेटेंट के क्षेत्र के अग्रणी अंतरराष्ट्रीय कार्यालयों से लाभ प्राप्त करने के लिए किया गया था। वर्ष 2017 में, यूरोपीय कार्यालय को करीब 165,000 पेटेंट प्राप्त हुए थे। ओमान का पेटेंट कार्यालय यूरोपीय कार्यालय में उपलब्ध आंकड़ों एवं सूचनाओं का प्रयोग कर सकता है। दोनों पक्ष अनुभवों को साझा करना चाहते हैं और प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित करने, सूचनाओं के आदान– प्रदान एवं सहयोग के अन्य पहलुओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग करना चाहते हैं।"
यूरोपीय पेटेंट कार्यालय के यूरोपीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महानिदेशक फ्रेंकोइस रेगिस– हनर्ट ने कहा कि, यूरोपीय कार्यालय ने दुनिया के विभिन्न देशों और जीसीसी देशों के साथ कई समझौते किए हैं। यह दौरा यूरोपीय कार्यालय द्वारा दी जाने वाली सुविधाएं, जिनका उपयोग इस देश में किया जा सकता है, देने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने कहा कि इस देश से पेटेंट के लिए किए जाने वाले आवेदनों की संख्या और सामान्य रूप से देश में नए आविष्कार संबंधी गतिविधियां बढ़ रही हैं और देश यूरोपीय पेटेंट कार्यालय में काफी दिलचस्पी भी रखता है। यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के बौद्धिक संपदा विभाग के प्रभागों और पेटेंट, ट्रेडमार्क, औद्योगिक डिजाइन, कॉपीराइट एवं संबंधित अधिकारों के पंजीकरण की प्रणाली के बारे में भी संक्षिप्त जानकारी दी गई।